राजद आज जारी कर सकता है घोषणा पत्र:तेजस्वी लोगों को नौकरी की गारंटी दे सकते हैं, महिलाओं को लेकर भी हो सकती है बड़ी घोषणा

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज राजद का घोषणा पत्र जारी कर सकते हैं।

राजद आज जारी कर सकता है घोषणा पत्र:तेजस्वी लोगों को नौकरी की गारंटी दे सकते हैं, महिलाओं को लेकर भी हो सकती है बड़ी घोषणा
तेजस्वी यादव

राजद की ओर से शुक्रवार की रात एक्स पर लिखा गया कि “कल सुबह तक इंतज़ार करिए तेजस्वी बड़ी ख़ुशख़बरी देंगे “ इस पोस्ट के कई मायने निकाले जाने लगे हैं। लेकिन पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक़ आज आरजेडी अपना घोषणा पत्र जारी करने वाली है।

लेकिन ख़ुशख़बरी क्या होगी। इस पर कुछ भी क्लीयर नहीं है । पहला सवाल क्या ये सिर्फ़ आरजेडी का घोषणा पत्र होगा या पूरे इंडी गठबंधन का ! क्यूंकि कांग्रेस ने तो पहले ही घोषणा पत्र जारी कर दी है । लेफ़्ट पार्टियां, वीआईपी का भी अब तक कोई घोषणा पत्र जारी नहीं हुआ है ।

राजद अभी से विधानसभा चुनाव का पिच कर रही तैयार

एक चर्चा ये भी है कि तेजस्वी कोई मासिक पैसे की घोषणा भी महिलाओं के लिए कर सकते हैं या नौकरियों में बहाली का भी। लेकिन इसमें भी टेक्निकल मसला है कि यह राज्य का चुनाव नहीं केंद्र का चुनाव है। राजद अकेले देश में सत्ता में तो नहीं आने जा रही है तो यह कौन सी घोषणा है जिसके कारण अगर आरजेडी के सभी सांसद प्रत्याशी भी जीत जाए तो उसे लागू करा देंगे।

लेकिन ऐसा हो सकता है कि तेजस्वी यह वादा करें कि अगर केंद्र में इंडी गठबंधन की सरकार आए तो वह अपने घटक दलों पर दबाव बनाएगी । हालांकि, राजनीतिक विशेषज्ञों के बीच चर्चा है कि राजद अभी से विधानसभा चुनाव का पिच तैयार करना चाहती है ।

गया, मुंगेर और जमुई में करेंगे आज चुनावी सभा

वहीं, आज तेजस्वी यादव वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के साथ जमुई, गया और मुंगेर में आरजेडी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी रैलियां करेंगे। दोनों सुबह 11.25 में पटना से हेलिकॉप्टर से गया के उच्च विद्यालय मैदान, गुरुआ के लिए निकलेंगे। वहां वे 12.20 बजे एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

इसके बाद दोपहर 1.25 बजे राज्य संपोषित +2 उच्च विद्यालय, बाराचट्टी, गया के मैदान में चुनावी सभा करेंगे। इसके बाद दोपहर 2.45 बजे हाई स्कूल मैदान, इस्लामपुर, अलीगंज, जमुई में एक जनसभा है। यहां के बाद दोपहर 3.50 बजे ईदगाह मैदान, तारापुर, मुंगेर में एक रैली होनी है। इसके बाद दोनों शाम 5.25 में वापस पटना लौट जाएंगे।

Source:-https://www.bhaskar.com/