बुगाटी की नई हाइपर कार टूरबिलॉन लॉन्च, कीमत ₹38.44 करोड़

2 सेकेंड में 0-100kmph की रफ्तार से दौड़ सकती है कार, 22 स्विफ्ट के बराबर इसकी पावर

बुगाटी की नई हाइपर कार टूरबिलॉन लॉन्च, कीमत ₹38.44 करोड़
बुगाटी की नई हाइपर कार टूरबिलॉन

फ्रांसिसी बुगाटी कार मेकर बुगाटी ने आज (21 जून) ग्लोबल मार्केट में नई हाइपर कार टूरबिलॉन को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने 2016 के बाद किसी नए मॉडल को मार्केट में उतारा है। कार में सबसे खास इसका पावरफुल इंजन है, जो 22 मारुति सुजुकी स्विफ्ट के बराबर पावर जनरेट करता है।

स्विफ्ट 80.46hp पावर वाले इंजन के साथ आती है, जबकि बुगाटी टूरबिलॉन 1800 हॉर्स पावर की क्षमता और आकर्षक डिजाइन के साथ आने वाली एक हाइपरकार है। कंपनी का दावा है कि टूरबिलॉन 2 सेकेंड में 0-100kmph की रफ्तार पकड़ सकती है।


बुगाटी टूरबिलॉन : कीमत और डिलीवरी
यह कार बुगाटी चिरोन की जगह लेगी जो 1,500 हॉर्स पावर के साथ 33 लाख डॉलर (करीब 27.57 करोड़ रुपए) की कीमत में आती है। वहीं बुगाटी टूरबिलॉन शुरुआती कीमत 46 लाख डॉलर (करीब 38.44 करोड़ रुपए) रखी गई है।

कंपनी इसकी 250 यूनिट ही बनाकर बेचेगी और इसकी डिलीवरी 2026 की शुरुआत में करेगी। बुगाटी को वॉक्सवैगन ग्रुप से अलग कर दिया गया है और अब यह इलेक्ट्रिक कारें बनाने वाली रिमाक नेवेरा के साथ जुड़ गई है, जिसके बाद कंपनी का नाम बुगाटी रिमाक हो गया है।

बुगाटी टूरबिलॉन : एक्सटीरियर डिजाइन
डिजाइन के मामले में बुगाटी टूरबिलॉन एक बिल्कुल नया मॉडल है। इसमें कोई भी कंपोनेंट्स चिरोन से नहीं लिया गया है। हाइपरकार के फ्रंट में एक बड़ी घोड़े की नाल जैसी ग्रिल दी गई है, जिसके दोनों तरफ क्वाड LED हेडलैम्प हैं। कार के बीच में कंपनी के सिग्नेचर स्पाइन को देखा जा सकता है।

साइड से एक और सिग्नेचर एलिमेंट, 'बुगाटी लाइन' को एक नया डिजाइन दिया गया है। वहीं, रियर की तरफ बीच में BUGATI लेटरिंग के साथ पूरी चौड़ाई वाली LED टेल लाइट्स हैं। इसमें नीचे की ओर एक बड़ा डिफ्यूजर भी है, जिसमें क्वाड एग्जॉस्ट को इंटीग्रेटेड किया गया है।

बुगाटी टूरबिलॉन : इंटीरियर डिजाइन

कार के अंदर पूरी तरह से नया केबिन और डैशबोर्ड लेआउट दिया गया है। इस कार के इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को स्विस घड़ी निर्माताओं की मदद से डिजाइन किया गया है। कंपनी ने बताया है कि इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर 600 से अधिक भागों से बना है, जिसमें टाइटेनियम के साथ-साथ नीलमणि और रूबी जैसे रत्न का उपयोग किया गया है।

सेंटर कंसोल पॉलिश एल्यूमिनियम और क्रिस्टल ग्लास से बना है। इसके इंटीरियर को रेट्रो डिजाइन में पेश किया गया है। हालांकि, इसमें डिजिटल डिस्प्ले भी है, लेकिन कार को इसके बिना भी चलाया जा सकता है।​​​​डेशबोर्ड के सेंटर में एपल कारप्ले कनेक्टिविटी के साथ एक छोटा डिस्प्ले मिलता है।हालांकि, यह डैशबोर्ड में छिपा हुआ है और ड्राइवर के ऑपरेट करने पर बाहर आता है। टूरबिलॉन के इंटीरियर की सबसे बड़ी खासियत स्टीयरिंग व्हील है, जिसमें हब और गेज अपनी जगह पर रहते हैं और सिर्फ व्हील चारों ओर घूमता है।

बुगाटी टूरबिलॉन : परफॉर्मेंस

बुगाटी टूरबिलॉन में 8.3-लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड V16 हाइब्रिड इंजन दिया गया है। ये ICE इंजन अकेले 1000 hp और 900nm जनरेट करता है। इंजन के साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटरों को जोड़ा गया है। इस पूरे सेटअप के साथ हाइपरकार 1800hp का कुल पावर जनरेट करती है।

इस नए पावरट्रेन को 8-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ ट्यून किया गया है। बुगाटी का दावा है कि टूरबिलन 2 सेकंड में 0-100kmph की स्पीड पकड़ सकती है, जबकि 0-299kmph की स्पीड पकड़ने में सिर्फ 10 सेकेंड लगते हैं। बुगाटी का दावा है कि टूरबिलन की टॉप स्पीड 445kmph है।