Himachal Politics: 'मुझे भी व्हाट्सएप कॉल आई थी...' खरीद-फरोख्त पर कांग्रेस MLA चंद्रशेखर का बड़ा दावा
पत्रकार वार्ता के दौरान चंद्रशेखर नेता प्रतिपक्ष पर भी जुबानी हमले बोलते हुए कहा कि प्रदेश में आज तक अपना ही कैडर समाप्त करने वाला नेता पहली बार देखा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम ने पहले अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को समाप्त किया और आज अपनी लाज बचाने के लिए उन्हीं नेताओं की शरण में जा रहे हैं.
मंडी. हिमाचल प्रदेश में हाल ही में राज्यसभा चुनाव के बाद हुई सियासी हलचल को लेकर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक चंद्रशेखर (MLA Chandra Shekhar) ने बड़ा दावा किया है. साथ ही चंद्रशेखर ने कंगना रनौत (Kangana Ranaut) पर भी बड़ा हमला किया है.
मंडी में गांधी भवन में पत्रकार सम्मेलन में चंद्रशेखर ने कंगना रनौत पर हमला करते हुए कहा कि मंडी लोकसभा के लिए जो रक्षा सूत्र भाजपा मुम्बई से लेकर आए हैं, वह आने वाले समय में उनके लिए ही गले की फांस बनेगा. क्योंकि अभी तक कांग्रेस तो उनके खिलाफ किसी प्रकार की बयानबाजी नहीं कर रही, लेकिन पूरा सोशल मीडिया उस सूत्र के तार-तार जनता के सामने रख रहा है.
मंडी जिला के धर्मपुर से कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा की चारों सीटों को जीतेगी. मंडी की जागरूक जनता ही रस्सी के रेशे खोलने में जुट गई है. उन्होंने कहा कि मंडी लोकसभा की जनता का मजाक किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा. चंद्र शेखर ने कहा कि मुझे कंगना पर दया आती है कि उसे तो अभी तक बूथों का पता भी नहीं होगा, लेकिन इस चक्कर में जयराम बूथ-बूथ घूम कर अपना पाठ ही ना भूल जाएं.
पत्रकार वार्ता के दौरान चंद्रशेखर नेता प्रतिपक्ष पर भी जुबानी हमले बोलते हुए कहा कि प्रदेश में आज तक अपना ही कैडर समाप्त करने वाला नेता पहली बार देखा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम ने पहले अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को समाप्त किया और आज अपनी लाज बचाने के लिए उन्हीं नेताओं की शरण में जा रहे हैं. चंद्रशेखर ने कहा कि प्रदेश में हाल ही में घटित प्रक्रिया से लगता है कि किसी नेता को सत्ता का चस्का लग गया है और वह इसे बार बार पाने की लालसा में राजनीतिक उठापटक में ही लगे हैं. उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि अब कुछ नहीं होने वाला है. अब प्रदेश में भाजपा बस छांछ मथने में लगी है जिससे कुछ नहीं निकलेगा.
सिद्धांतों का हवाला देते हुए साफ इनकार किया
एक सवाल के जवाब में कांग्रेस विधायक और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रशेखर ने कहा कि प्रदेश में कुर्सी के लिए नेताओं व विधायकों को खरीदने का दौर शुरू हुआ है. जो कि निंदनीय है. उन्होंने बताया कि उन्हें भी व्हाट्सएप पर कॉल आई, लेकिन उन्होंने अपने सिद्धांतों का हवाला देते हुए इससे साफ इनकार कर दिया. उन्होंने बताया कि इस बारे में सरकार को शिकायत की गई है. जिस पर कार्यवाही होते ही कुर्सी की खरीद-फरोख्त करने वालों का पर्दाफाश किया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को गिराने की नाकाम कोशिश की जा रही है.
इससे पूर्व, चंद्रशेखर का मंडी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया. उपरांत इसके उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनावों को लेकर भी चर्चा की. इस मौके पर पूर्व मंत्री कौल सिंह, प्रकाश चौधरी, सोहन लाल, संजीव गुलेरिया, चंपा ठाकुर सहित कई गणमान्य कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Source: न्यूज़-18





