Kuyemari Waterfall: बस्तर के इस खूबसूरत झरना का नजारा देख हो जाएंगे मुग्ध, झर-झर की आवाज मोह लेती है पर्यटकों का मन
छत्तीसगढ़ के बस्तर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. कल-कल करती नदियां, एक से बढ़कर एक वाटरफॉल, घने जंगल और पहाड़ियों के बीच बसा बस्तर यहां देश दुनिया से पहुंचने वाले पर्यटकों का मन मोह लेती है. यहां के वाटरफॉल विश्व प्रसिद्ध हैं.
रायपुर – बारिश का मौसम और बस्तर का खूबसूरत नजारा देख आपका दिन बन जाएगा. दरअसल प्रकृति की गोद में बसे छत्तीसगढ़ के बस्तर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. कल-कल करती नदियां, एक से बढ़कर एक वाटरफॉल, घने जंगल और पहाड़ियों के बीच बसा बस्तर यहां देश दुनिया से पहुंचने वाले पर्यटकों का मन मोह लेती है. यहां के वाटरफॉल विश्व प्रसिद्ध हैं.
इन्हीं वाटरफॉल में से एक वाटरफॉल कुएंमारी है जिसकी झर झर की आवाज लोगों को अपनी खींच लेती है. प्रकृति के गोद में बसे कुएंमारी का नजारा हर पर्यटक अपने कैमरे में कैद करता है. कुएंमारी के पास ही टाटामारी इको पर्यटन स्थल है जहां आप स्टे कर सकते हैं.
टाटामारी ईको पर्यटन स्थल इन दिनों पर्यटकों से गुलजार है. बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं. कोंडागांव जिले में केशकाल घाट के कोने पर स्थित टाटामारी इको पर्यटन क्षेत्र में ठहरने की सुविधा, कैम्पिंग और ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए ट्रैकिंग रूट भी तैयार किया गया है.
प्राकृतिक दृश्य और वाटरफॉल की खोजकर इसे पर्यटन सर्किट में जोड़कर नई पहचान दी गई है. जिसके चलते टाटामारी पर्यटन स्थल की खूबसूरती में चार चांद लग गए हैं. यहां कॉटेज और रेस्टोरेंट के साथ रुकने का भी प्रबंध किया गया है. कैम्पिंग,डोरमेट्री के अलावा वीआईपी कॉटेज बनाए गए हैं, जहां लग्जरी रूम की व्यवस्था है.
केशकाल घूमने आने वाले पर्यटकों का टाटामारी पर्यटन स्थल पहली पसंद बना हुआ है. यहां पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए पूरे केशकाल में पर्यटन विकास को लेकर लगातार काम किया जा रहा है. जगदलपुर मुख्यालय से 130 किलोमीटर दूरी पर केशकाल के पहाड़ियों में बने टाटामारी ईको पर्यटन स्थल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ से ज्यादा की राशि खर्च की गई है.
हिल स्टेशन होने की वजह से यहां की खूबसूरती देखते ही बनती है. ठंड और बारिश के मौसम में यहां का नजारा और भी खूबसूरत हो जाता है. यहां पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार करने के बाद इको पर्यटन स्थल में पर्यटकों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है. बड़ी संख्या में पर्यटक यहां घूमने पहुंच रहे हैं.





