नवसारी से मानसून आगे बढ़ने के आसार बने:आगामी 5 दिनों में दक्षिण गुजरात में जोरदार बारिश होने की संभावना

नवसारी से मानसून आगे बढ़ने के आसार बने:आगामी 5 दिनों में दक्षिण गुजरात में जोरदार बारिश होने की संभावना
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने से दक्षिण गुजरात में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने से दक्षिण गुजरात में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

नवसारी के पास ठहर गए मानसून के सूरत की ओर से बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बन गई हैं। उत्तर-पूर्व और उससे सटी पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की स्थिति बनी है। इस सिस्टम के सक्रिय होने से दक्षिण गुजरात में आगामी 5 दिनों तक जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है।

शनिवार को वलसाड और डांग जिले में हल्की बारिश से सूरत में पूरे दिन लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.2 और न्यूनतम 27.3 डिग्री रहा। 10 किमी प्रतिघंटे की स्पीड से हवा चली।

अमरेली जिले में भारी बारिश शुरू
अमरेली जिले में आज फिर बारिश ने सुबह से ही दस्तक दे दी। राजुला तालुका के डोलिया, मांडल, मोरंगी, डूंगर, असराना, देवका, कुंभारिया, खंभालिया सहित गांवों में रिमझिम बारिश हो रही है। कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। राजुला के अलावा खंभा के भुंडनी, त्राकुदा, डेडान, रानीगापारा, भवरडी सहित ग्रामीण इलाकों में भी भारी बारिश हो रही है।

भरूच में निचले इलाकों में पानी भर गया
भरूच जिले में आज मूसलाधार बारिश हुई है। सुबह से छाए घने बादलों के बीच तेज बारिश हुई। इससे शक्तिनाथ, कलेक्टर कार्यालय, महमदपुरा समेत शहर के विभिन्न इलाकों में बारिश का पानी भर गया है। सड़कों पर पानी भरा होने से लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतें हुईं।

हारीज पंथक में गिरे पेड़, दो जानवरों की मौत
पाटण के हारिज तालुका में बीती रात तेज हवा चली और इसके बाद बिजली चमकने के साथ जोरदार बारिश भी हुई। हारिज के बोरतवाड़ा गांव में तेज हवाओं से कई घरों की छतें उड़ गईं। साथ ही दर्जनों पेड़ भी उखड़ गए। गांव में विशाल पेड़ गिरने से किसान के बाड़े में बंधी भैंस और गाय मर गई। इसके अलावा तेज हवा के कारण भारी बिजली लाइन का तार टूट जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

सूरत में बारिश का मौसम
सूरत शहर-जिले में कल शाम को हल्की बारिश हुई। सूरत समेत विभिन्न तालुकाओं में भी बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। मांगरोल तालुका में रात दो से चार बजे के बीच भारी बारिश हुई। उमरपाड़ा, ओलपाड और पलसाना तालुका में भी बारिश हुई है। जिले में बारिश होने से किसानों में खुशी की लहर दिखाई दी।